अतिरिक्त जिला कलेक्टर नवरत्न कोली एवं अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा ने आज शुक्रवार को राजकीय प्राथमिक विद्यालय विनोबा बस्ती, आलनपुर का औचक निरीक्षण कर संस्था प्रधान से व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान विद्यालय में पेयजल की व्यवस्था नहीं होने पर अधीक्षण अभियन्ता जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को दूरभाष पर विद्यालय में नल कनेक्शन द्वारा पानी की उचित व्यवस्था करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय भवन की जर्जर होने पर डीईओ नाथूलाल खटीक को भवन की मरम्मत के प्रस्ताव बनवाकर भिजवाने के निर्देश प्रदान किए।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय विनोबा बस्ती आलनपुर में मिड-डे मील में खाद्यान्न की स्थिति, वितरण, कॉम्बो पैकेट्स का वितरण, कुक हैल्पर का मानदेय, स्टाॅक रजिस्टर आदि की जांच कर मौके पर मिड-डे मील में बनाए जा रहे भोजन की गुणवत्ता को चखकर जांची। इसके साथ ही उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से संवाद कर शैक्षणिक स्तर की जांच की। उन्होंने संस्था प्रधान को पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों को मनोरंजन एवं खेल गतिविधियां आयोजित करवाने के निर्देश प्रदान किए। इस दौरान एएसपी सवाई माधोपुर हिमांशु शर्मा और एडीईओ माध्यमिक एजाज अली मौजूद रहे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया