नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का एलान कर दिया है। कोहली का टेस्ट क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन रहा है। विराट कोहली ने 123 टेस्ट मैच खेले हैं और 210 पारियों में 46.85 की औसत से 9230 रन बनाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 254 रन (नाबाद) है। कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में 30 शतक बनाए हैं और उनके नाम 31 अर्धशतक भी शामिल हैं।
कोहली ने अपने संन्यास का एलान इंस्टाग्राम पर किया है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा है कि मैंने 14 साल पहले पहली बार टेस्ट क्रिकेट के लिए बैगी ब्लू पहनी थी। ईमानदारी से कहूँ तो मैंने कल्पना भी नहीं की थी कि इस (टेस्ट) फॉर्मेट में मेरा सफर ऐसा रहेगा। इसने मुझे परखा, मुझे निखारा और मुझे ऐसे सबक सिखाए जो मैं ज़िंदगीभर याद रखूँगा।
उन्होंने लिखा है कि सफेद जर्सी में खेलना निजी तौर पर मेरे लिए खास रहा है। लंबे दिन और छोटे-छोटे लम्हे जो किसी को दिखाई नहीं देते, लेकिन आपके साथ हमेशा बने रहते हैं। कोहली ने पोस्ट में लिखा है कि इस फॉर्मेट से अलग होना, मेरे लिए आसान नहीं है- लेकिन ये (निर्णय) मुझे सही लग रहा है। मैंने इसे (टेस्ट) वो सब कुछ दिया जो मेरे पास था, और इसने मुझे उससे भी बढ़कर दिया जिसकी मैं उम्मीद कर सकता था।
उन्होंने लिखा कि वो इस खेल के प्रति दिल से आभार जताते हुए टेस्ट से अलग हो रहा हैं। उन्होंने कहा कि उन सब लोगों के प्रति भी वे आभार जताते हैं जिनके साथ वो मैदान पर थे और हर उस शख्स के लिए जो इस सफर में उनके साथ रहे। विराट ने आखिर में लिखा कि मैं हमेशा अपने टेस्ट करियर को खुशी के साथ देखूँगा।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
