मुंबई: ‘कांटा लगा फेम’ अभिनेत्री शेफाली जरीवाला का 42 साल की उम्र में मुंबई में निधन हो गया है। वो अंधेरी के लोखंडवाला इलाके में रहती थीं। मौ*त की वजह अभी साफ नहीं है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार शेफाली का श*व पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल भेजा गया है। इस बीच फ़ॉरेंसिक टीम भी जांच के लिए उनके घर पहुंची। शेफाली के निधन की खबर आने के बाद टीवी और फिल्म जगत की कई हस्तियों ने गहरा दुख जताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
शेफाली जरीवाला ने अपने करियर की शुरुआत म्यूज़िक वीडियो से की थी। उस वक्त वह इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थीं। उनके पिता चार्टर्ड अकाउंटेंट थे और मां स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में काम करती थीं। ‘कांटा लगा’ गीत के रिमेक म्यूज़िक वीडियो की वजह से शेफाली को आज भी पहचाना जाता था। अपने कई इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि जब लोग उन्हें ‘कांटा लगा गर्ल’ कहते हैं तो वो इसे गर्व की तरह लेती हैं।
टीवी एक्टर पारस छाबड़ा के पॉडकास्ट में शेफाली ने इसे कुछ ऐसे समझाया था। उन्होंने कहा कि एक आर्टिस्ट अपनी पहचान बनाने के लिए कितनी मेहनत करता है, और मेरे साथ तो ये मेरे पहले ही प्रोजेक्ट से हो गया। मैं पूरी दुनिया में इकलौती ‘कांटा लगा गर्ल’ हूं और अपनी आखिरी सांस तक इसी नाम से पहचाने जाना चाहूंगी।
टीवी और फिल्म जगत के लोगों ने जताया गहरा दुख:
टीवी और फिल्म जगत की कई हस्तियों ने अभिनेत्री शेफाली जरीवाला के निधन पर गहरा दुख जताया है। सिंगर मीका सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में लिखा है है कि मैं बेहद सदमे में हूं, दिल भारी है और बहुत दुखी हूं। हमारी प्यारी स्टार और मेरी सबसे अच्छी दोस्त शेफाली अब हमारे बीच नहीं रहीं। अभी भी यकीन नहीं हो रहा। तुम्हें हमेशा तुम्हारी मुस्कान, अंदाज और जज़्बे के लिए याद किया जाएगा. ओम शांति।
वहीं अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी ने एक्स पर लिखा है कि अब तक शेफाली के जाने की खबर पर यकीन नहीं हो रहा यही। बहुत जल्दी चली गईं। उनके पति और परिवार के लिए दिल से दुख महसूस कर रही हूं। इसके अलावा अली गोनी, राहुल वैद्य, करिश्मा तन्ना, गुरु रंधावा समेत कई हस्तियों ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उनके निधन को दुखद बताया है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
