सवाई माधोपुर: सवाई माधोपुर जिले की ग्राम लोरवाड़ा निवासी 75 वर्षीय वृद्ध महिला भूली देवी की जीवन यात्रा वर्षों तक कठिनाइयों से घिरी रही। तीन बच्चों में से दो बच्चों सुदामा और फतेहलाल के निधन तथा उनकी पत्नियों के अन्यत्र चले जाने से विरासत का नामांतरण कराना लगभग असंभव सा प्रतीत हो रहा था। विगत दस वर्षों से लम्बित यह मामला उनके लिए चिंता का विषय बना हुआ था, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं और आवश्यक दस्तावेजों का लाभ भी नहीं मिल पा रहा था।
ग्रामीण सेवा शिविर में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करने के बाद जिला प्रशासन ने तत्परता से कार्यवाही की। पटवारी दिनेश शर्मा, भू-अभिलेख निरीक्षक रामजी लाल और तहसीलदार नीरू सिंह ने मौके पर सुनवाई कर आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। नियमों के अनुसार मात्र दो घंटे में नामांतरण का कार्य पूरा कर जमाबंदी की नकल तैयार की गई। जिला कलक्टर कानाराम ने स्वयं लाभार्थी भूली देवी को दस्तावेज सौंपकर उन्हें राहत प्रदान की।
इस अवसर पर भावुक होकर भूली देवी ने कहा कि पिछले दस वर्षों से लम्बित विरासत के नामांतरण के खुलने पर वे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और जिला प्रशासन का हार्दिक आभार व्यक्त करती हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल से उन्हें न केवल कानूनी राहत मिली, बल्कि सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर भी प्राप्त हुआ।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
