सवाई माधोपुर: 69 वीं राज्य स्तरीय नेटबॉल क्रीडा प्रतियोगिता 17 एवं 19 वर्ष छात्रा वर्ग का आयोजन 30 सितंबर से 6 अक्टूबर तक राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन के संयोजन में होगा। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए गठित विभिन्न प्रकोष्ठों एवं समितियों के प्रभारियों व सदस्यों की तैयारी समीक्षा बैठक जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक हरकेश लाल मीना की अध्यक्षता में बालिका स्कूल मानटाउन में हुई। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक हरकेश लाल मीना ने सभी प्रकोष्ठ एवं समितियों के प्रभारियों एवं सदस्यों को निर्देंशित किया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के सभी अपने अपने कर्तव्यों एवं दायित्यों का निर्वहन पूर्ण मनोयोग से करें।
उन्होनें कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने कार्य को सफलता के साथ पूरा करें, जिससे सफल टूर्नामेंट का आयोजन हो। उन्होंने सभी प्रकोष्ठ प्रभारियों को अपनी अपनी जिम्मेदारियों को समझने एवं समय पर कार्य पूरा करने की बात कही। बाहर से आने वाली टीमों एवं टीम प्रभारियों के लिए सभी समुचित व्यवस्थाओं को पूरा करें, जिससे आने वाली टीमों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम, मैदान प्रभारी, सुविधा प्रभारी, आवास प्रभारी सहित अन्य सभी प्रभारी पूरी सजगता एवं तत्परता से कार्य करें।
उन्होंने प्रकोष्ठ प्रभारियों के सवालों के जवाब देते हुए सभी की हौंसला अफजाई की तथा सफल आयोजन के लिए जुटकर कार्य करने की बात कही। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी अजय कुमार शर्मा, संतोष कुमार मीना, कर्णफूल मीना ने आवश्यक तैयारियों पर चर्चा कर निर्देश दिए। बैठक में अब तक हुई तैयारियों की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ 30 सितंबर को सुबह साढे 9 बजे पुलिस लाइन मैदान में होगा।
शुभारंभ समारोह के मुख्य अतिथि केबीनेट मंत्री राजस्थान सरकार डॉ. किरोडी लाल मीना होगें। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कलेक्टर कानाराम करेंगे। प्रतियोगिता के मैच पुलिस लाइन मैदान में होगे। प्रतियोगिता हेतु पंजीयन 29 सितम्बर को होगा। बैठक में अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी अजय कुमार शर्मा, संतोष कुमार, प्रतियोगिता संयोजक एवं प्रधानाचार्य मानटाउन कल्पना शर्मा, संयुक्त निदेशक प्रतिनिधि के तौर पर कर्णफूल मीना सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
