सवाई माधोपुर: जिले में शैक्षिक प्रशासन, शिक्षा (Education) योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नवाचारों के लिए किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। सवाई माधोपुर (Sawai Madhopur) के अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक (एडीपीसी) दिनेश कुमार गुप्ता (Dinesh Kumar Gupta) को शैक्षिक प्रशासन में नवाचार, उत्कृष्ट कार्यप्रणाली और सार्वजनिक शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है।

राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान (NIEPA), नई दिल्ली (New Delhi) की ओर से देशभर से चयनित 68 जिला एवं ब्लॉक स्तरीय शिक्षा अधिकारियों में राजस्थान (Rajasthan) से चुने गए तीन अधिकारियों में दिनेश कुमार गुप्ता भी शामिल रहे।
एनआईईपीए के राष्ट्रीय सम्मेलन में मिला सम्मान:
नई दिल्ली स्थित एनआईईपीए में 3 सितंबर 2026 को आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन एवं पुरस्कार समारोह में दिनेश कुमार गुप्ता को सार्वजनिक शिक्षा प्रणाली के कामकाज में सुधार, शैक्षिक सेवाओं की प्रभावी एवं कुशल डिलीवरी तथा जमीनी स्तर पर शिक्षा प्रशासन में किए गए नवाचारों और उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह में एनआईईपीए के चांसलर प्रोफेसर रमाशंकर दुबे, वाइस चांसलर शशिकला वंजारी और एनसीईआरटी के पूर्व निदेशक जे.एस. राजपूत सहित देशभर के शिक्षाविद और अधिकारी मौजूद रहे।
‘भविष्य की उड़ान’ में निभाई अहम भूमिका:
दिनेश कुमार गुप्ता ने एडीपीसी के रूप में सवाई माधोपुर जिले में जनभागीदारी आधारित शिक्षा नवाचारों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जुलाई 2022 से जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘भविष्य की उड़ान’ पहल में वे जिला नोडल प्रभारी के रूप में कार्य कर रहे हैं।
इस पहल के माध्यम से भामाशाहों, सामाजिक संगठनों और गैर-सरकारी संस्थाओं को राजकीय विद्यालयों के विकास से जोड़ने का प्रयास किया गया। इसके परिणामस्वरूप जिले के सरकारी विद्यालयों में अब तक करीब 41 करोड़ रुपये की लागत से भौतिक एवं शैक्षिक विकास के कार्य करवाए जा चुके हैं।
इन प्रयासों से विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षिक वातावरण तैयार करने में मदद मिली है।
शिक्षा विभाग में खुशी का माहौल:
दिनेश कुमार गुप्ता को राष्ट्रीय सम्मान मिलने पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विभागीय अधिकारियों ने इस उपलब्धि को गुप्ता के प्रशासनिक कौशल और नवाचारों की राष्ट्रीय पहचान के साथ-साथ सवाई माधोपुर की शिक्षा व्यवस्था के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
उल्लेखनीय है कि दिनेश कुमार गुप्ता को इससे पहले भी शिक्षा एवं प्रशासन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए राज्य और जिला स्तर पर कई सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया