नई दिल्ली: नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने मौजूदा अव्यवस्था के बीच कुछ एयरलाइंस की ओर से असामान्य रूप से बढ़े हुए किराए वसूलने की शिकायतों को गंभीरता से लिया है। मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान जारी कर कहा कि यात्रियों को किसी भी तरह की मौकापरस्ती वाली कीमतों से बचाने के लिए मंत्रालय ने अपनी नियामक शक्तियों का इस्तेमाल किया है। बयान के अनुसार इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी प्रभावित रूटों पर किराया उचित और वाजिब रखा जाए।
इसमें बताया गया कि सरकार की ओर से सभी एयरलाइंस को निर्देश दिया गया है कि वे नए निर्धारित किराया सीमा का सख्ती से पालन करें। यह किराया सीमा तब तक लागू रहेगी जब तक हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाते। मंत्रालय का कहना है कि इसका उद्देश्य बाजार में मूल्य अनुशासन बनाए रखना, परेशानी में फंसे यात्रियों का शो*षण रोकना और ऐसे बुज़ुर्ग, विद्यार्थी और मरीजों को राहत देना है, जिन्हें तुरंत यात्रा करनी पड़ रही है।
मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि वह एयरलाइंस और ऑनलाइन ट्रैवल पोर्टलों के साथ मिलकर रियल-टाइम डेटा के जरिए किराए पर कड़ी नजर रखेगा। निर्धारित मानकों से किसी भी तरह की गड़बड़ी मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
