जयपुर: राजस्थान में कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर (LPG GAS Cylinder) एक बार फिर महंगा हो गया है। पेट्रोलियम कंपनियों ने मंगलवार देर रात गैस (LPG GAS) की नई कीमतें जारी करते हुए 19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलेंडर (Commercial GAS Cylinder) के दाम में 195 रुपए की बढ़ोतरी कर दी। नई दरें आज से लागू हो गई हैं। राजस्थान एलपीजी (LPG) डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष दीपक गहलोत ने बताया कि अब 19 किलो का कॉमर्शियल सिलेंडर 1911 रुपए की जगह 2106 रुपए में मिलेगा।
यह इस साल पांचवीं बार है, जब तेल कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ाई है। इससे पहले मार्च में सिलेंडर पर 27.50 रुपए और 114 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। वहीं जनवरी में 111 रुपए और फरवरी में 49.50 रुपए प्रति सिलेंडर दाम बढ़ाए गए थे। इस तरह साल 2026 में अब तक कॉमर्शियल सिलेंडर करीब 497 रुपए महंगा हो चुका है।
उधर, गैस सिलेंडरों की किल्लत भी लगातार बनी हुई है। मार्च से शुरू हुई यह समस्या अभी तक खत्म नहीं हुई है। माना जा रहा है कि ईरान-इजरायल युद्ध (Iran Israel War) के कारण सप्लाई प्रभावित हुई है। इसके चलते घरेलू और कॉमर्शियल दोनों तरह के उपभोक्ताओं को सिलेंडर लेने में परेशानी हो रही है। बाजार में कई व्यापारियों को अब भी कॉमर्शियल सिलेंडर ब्लैक में खरीदने पड़ रहे हैं। वहीं तेल कंपनियों और सरकार की ओर से कॉमर्शियल गैस की सप्लाई अभी भी सीमित रखी गई है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
