कोटा: कोटा शहर में आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए नगर निगम अब नई तकनीक अपनाने जा रहा है। जल्द ही शहर की संकरी गलियों और घनी आबादी वाले इलाकों में फायर फाइटिंग बाइक्स नजर आएंगी, जिससे आग पर तेजी से काबू पाया जा सकेगा।नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि अग्निशमन विभाग के बेड़े को आधुनिक बनाने के तहत इन बाइक्स की खरीद की योजना बनाई गई है।
साथ ही, रात में राहत कार्यों के लिए दो लाइटिंग टावर भी शामिल किए जाएंगे। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास के अनुसार, फिलहाल दो फायर बाइक्स खरीदने को प्राथमिकता दी जा रही है। एक बाइक की अनुमानित लागत 15 से 17 लाख रुपये है। स्वायत्त शासन विभाग से मंजूरी मिलते ही खरीद प्रक्रिया शुरू होगी।
दरअसल, कोटा के पुराने शहर की कई गलियां इतनी संकरी हैं कि वहां बड़ी दमकल गाड़ियां समय पर नहीं पहुंच पातीं, जिससे आग की घटनाएं गंभीर रूप ले लेती हैं। ऐसे में ये फायर बाइक्स, जिनमें वाटर मिस्ट सिस्टम और अन्य जरूरी उपकरण होंगे, तंग रास्तों से तेजी से पहुंचकर आग बुझाने में मदद करेंगी। इस पहल से खासकर गर्मी के मौसम में बढ़ती आगजनी की घटनाओं पर नियंत्रण पाने में काफी मदद मिलने की उम्मीद है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
