कोटा: कोटा (Kota) में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन यात्रियों की मौ*त हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा आरकेपुरम थाना क्षेत्र में नयागांव पुलिया के पास रात करीब 12 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, अहमदाबाद से ग्वालियर-भिंड जा रही एक प्राइवेट स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में जाकर पलट गई। बस पलटते ही उसके कांच टूट गए और कई यात्री सड़क पर जा गिरे।
इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रॉले ने सड़क पर गिरे तीन यात्रियों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौ*त हो गई। मृ*तकों में दो लोग मध्य प्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले बताए गए हैं। यात्रियों का दावा है कि हादसे से ठीक पहले बस के फ्रंट मिरर पर किसी ने पत्थर मा*रा था, जिससे ड्राइवर का नियंत्रण बिगड़ गया और बस लहराते हुए पलट गई। हालांकि पुलिस इस दावे की जांच कर रही है। हादसे में 20 से ज्यादा यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कई यात्रियों को बस के अंदर से कांच तोड़कर बाहर निकाला गया। रेस्क्यू ऑपरेशन देर रात करीब 2:30 बजे तक चलता रहा। पुलिस के अनुसार, जिन तीन लोगों की मौ*त हुई, वे ड्राइवर केबिन के पास बैठे थे। बस पलटने पर केबिन का शीशा टूटने से वे बाहर गिर गए और उसी समय ट्रॉले की च*पेट में आ गए। घायलों में ग्वालियर और भिंड के कई यात्री शामिल हैं।
कुछ को सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कई की पहचान अभी नहीं हो सकी है। प्रत्यक्षदर्शी यात्रियों ने बताया कि बस अचानक लहराने लगी और कुछ ही सेकंड में पलट गई। कई लोग अंदर ही फंसे रह गए, जिन्हें रेस्क्यू टीम ने बाहर निकाला। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
