नई दिल्ली: भारतीय रिजर्व बैंक (Reserve Bank of India) ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड (Paytm Payments Bank Limited) का बैंकिंग लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। इसके साथ ही 24 अप्रैल से बैंक की सभी बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह बंद हो गई हैं। हालांकि Paytm का UPI ऐप पहले की तरह काम करता रहेगा।

RBI के अनुसार, बैंक के कामकाज में गंभीर खामियां पाई गईं, जिससे ग्राहकों का पैसा पूरी तरह सुरक्षित नहीं माना गया। बावजूद इसके, केंद्रीय बैंक ने स्पष्ट किया है कि PPBL के पास पर्याप्त फंड है, जिससे वह अपने सभी ग्राहकों की जमा राशि लौटा सकता है। यानी जमाकर्ताओं का पैसा डूबने की आशंका नहीं है।

ये है लाइसेंस रद्द करने की प्रमुख वजहें
- ग्राहकों के हितों की अनदेखी और फंड की सुरक्षा पर सवाल
- मैनेजमेंट की लापरवाही और गलत फैसले
- बैंक को जारी रखने में सार्वजनिक हित का अभाव
- KYC और अन्य नियमों का लगातार उल्लंघन
गौरतलब है कि RBI 2022 से ही पेटीएम पेमेंट्स बैंक पर सख्त नजर रखे हुए था। मार्च 2022 में नए ग्राहक जोड़ने पर रोक लगाई गई थी, जबकि जनवरी 2024 में नए डिपॉजिट लेने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया था। इसके बाद बैंक सीमित सेवाओं तक ही सिमट गया था।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया