जयपुर: राजस्थान (Rajasthan) में सड़क दुर्घटनाओं (Road Accident) को कम करने और लोगों को सुरक्षित यात्रा (Traveling) के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस (Rajasthan Police) ने आज गुरुवार, 2 जुलाई से 16 जुलाई तक प्रदेशभर में 15 दिवसीय विशेष हेलमेट जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान शुरू किया है। अभियान के दौरान दुपहिया वाहन (Two-Wheeler) के चालक के साथ-साथ पीछे बैठने वाले सहयात्री के लिए भी हेलमेट (Helmet) पहनना अनिवार्य रहेगा।

यह अभियान पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश तथा महानिदेशक (यातायात) अनिल पालीवाल के पर्यवेक्षण में चलाया जा रहा है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने सभी पुलिस आयुक्तों और जिला पुलिस अधीक्षकों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
राज्य सरकार (Government of Rajasthan) की मिशन-2030 सड़क सुरक्षा (Road Safety) रणनीति के तहत वर्ष 2030 तक सड़क दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली मौ*तों में 50 प्रतिशत तक कमी लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान में विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों पर फोकस रहेगा, जहां हेलमेट पहनने की प्रवृत्ति अपेक्षाकृत कम देखी जाती है।
अभियान के दौरान परिवहन विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायती राज संस्थाएं, स्वयंसेवी संगठन और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से ग्राम पंचायतों, स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, रैलियां और सड़क सुरक्षा शपथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सोशल मीडिया (Social Media) के माध्यम से “बिना हेलमेट नहीं सफर” और “आईएसआई मार्क हेलमेट ही जीवन रक्षा का साधन” जैसे संदेश भी प्रसारित किए जाएंगे।
राजस्थान पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभियान केवल हेलमेट तक सीमित नहीं रहेगा। इस दौरान ओवरस्पीडिंग (Over Speeding), अ*वैध पार्किंग (Parking) और राष्ट्रीय राजमार्गों (National Highways) व एक्सप्रेसवे (Express-Way) पर लेन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे स्वयं हेलमेट पहनें, अपने परिवार और सहयात्रियों को भी हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर सुरक्षित राजस्थान के निर्माण में सहयोग दें।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया