सवाई माधोपुर: सवाई माधोपुर (Sawai Madhopur) जिला मुख्यालय स्थित हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-1 में पिछले कई महीनों से बने पेयजल संकट (Drinking Water Crisis) को लेकर कॉलोनीवासियों ने गुरुवार को जिला कलेक्टर कानाराम (Collector Sawai Madhopur IAS Kanaram) को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की। क्षेत्रवासियों का कहना है कि मकान संख्या 1/336 से 1/343 तक पिछले चार-पांच महीनों से नियमित पेयजल आपूर्ति बाधित है, जिससे लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।

ज्ञापन में बताया गया कि पानी की कमी के कारण महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों सहित सभी परिवारों को रोजाना पेयजल के (Drinking Water) लिए दूर-दराज स्थित हैंडपंपों और बोरवेलों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि जलदाय विभाग को कई बार मौखिक और दूरभाष के माध्यम से शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया।
क्षेत्रवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि विभाग द्वारा टैंकरों से पानी उपलब्ध कराने के दावे किए जाते हैं, लेकिन प्रभावित घरों तक नियमित रूप से टैंकर नहीं पहुंच रहे हैं। ऐसे में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से कॉलोनीवासियों ने प्रभावित क्षेत्र में नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल करने, तब तक प्रतिदिन टैंकरों से पानी उपलब्ध कराने तथा जलापूर्ति बाधित होने के कारणों की जांच कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की। जिला कलेक्टर कानाराम ने ज्ञापन देने पहुंची महिलाओं को समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया