कोटा: नगर निकाय चुनाव (Municipal Elections) से पहले कोटा (Kota) शहर जिला कांग्रेस (Congress) कमेटी में पदाधिकारियों के लगातार इस्तीफों को लेकर राजनीतिक (Politics) हलचल तेज हो गई है। हाल ही में कार्यकारिणी गठन के बाद कई पदाधिकारियों के पद छोड़ने से संगठन की अंदरूनी स्थिति पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम (Rakhi Gautam) ने इन घटनाक्रमों को सामान्य बताते हुए गुटबाजी की बात से इनकार किया है।

राखी गौतम ने कहा कि कांग्रेस (Indian National Congress) एक बड़ा संगठन है और बड़े परिवार में छोटे-मोटे मतभेद या कहासुनी होना स्वाभाविक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस्तीफा देने वाले नेताओं ने पार्टी नहीं छोड़ी है, बल्कि केवल अपने पदों से इस्तीफा दिया है। इससे यह संदेश मिलता है कि कार्यकर्ता बिना किसी पद की इच्छा के भी पार्टी के लिए काम करना चाहते हैं।
पूर्व में कुछ पदाधिकारियों ने बिना सहमति नाम शामिल किए जाने के आरोप पर जिलाध्यक्ष ने कहा कि संबंधित लोगों को अवसर देने की मंशा से उनके नाम प्रस्तावित किए गए थे। यदि बाद में उन्होंने अलग निर्णय लिया तो यह उनका व्यक्तिगत फैसला है। संगठन इसका सम्मान करता है और इससे नए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिलेगा।
निकाय चुनाव में टिकट वितरण को लेकर उठ रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस में उम्मीदवारों का चयन उनकी जीत की संभावना को ध्यान में रखकर किया जाएगा। स्थानीय और प्रदेश स्तर का नेतृत्व ऐसे प्रत्याशियों को प्राथमिकता देगा जो चुनाव जीतने की क्षमता रखते हों।
प्रदेश नेतृत्व को भेजे गए इस्तीफों पर उन्होंने बताया कि प्रक्रिया जारी है और जल्द ही रिक्त पदों पर नए कार्यकर्ताओं की नियुक्ति की जाएगी। उनके अनुसार, संगठन में नए चेहरों को अवसर देना भी पार्टी की रणनीति का हिस्सा है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया