उत्तराखंड: उत्तराखंड के चमोली जिले में बादल फटने के बाद मलबे में एक युवती दब गई है। वहीं एक शख्स लापता है। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, उत्तराखंड के चमोली जिले के थराली कस्बे में तेज बारिश के कारण बरसाती नाले टूनरी गधेरे में आई भीषण बाढ़ से तहसील कार्यालय समेत आसपास के मकानों में मलबा भर गया है। अधिकारियों ने बताया कि रातभर हुई मूसलाधार बारिश के चलते टूनरी गधेरे में बाढ़ आ गई।
बाढ़ का मलबा तहसील परिसर और आसपास के घरों में घुस गया। चमोली के एडीएम विवेक प्रकाश ने कहा कि भारी बारिश से आए मलबे में कविता नाम की 20 वर्षीय युवती दब गई है, जबकि एक शख्स लापता है।एनडीआरएफ और एसडीआरएफ़ की टीमें मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। उन्होंने बताया कि मलबे के कारण कई सड़कें बंद हो गई हैं और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन ने प्रभावित लोगों के लिए राहत शिविर भी स्थापित किए हैं। उत्तराखंड आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि बादल फटने से घरों, बाजार और एसडीएम आवास में मलबा घुस गया है। उन्होंने पुष्टि की कि इस घटना में अब तक दो लोगों के लापता होने की सूचना मिली है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
