कोटा: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार को कोटा जिले के नयापुरा स्थित महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम से ‘नमो युवा रन- नशामुक्त भारत के लिए’ दौड़ का शुभारंभ किया। हजारों की संख्या में जुटे युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह दौड़ केवल फिटनेस का प्रतीक नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में युवा शक्ति की भागीदारी का संदेश है। बिरला ने कहा कि जब हम स्वस्थ रहेंगे तभी एक विकसित और समृद्ध भारत का निर्माण संभव है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सपना है कि 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बने और इसमें सबसे बड़ी भूमिका युवाओं की है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी दिनचर्या में प्रतिदिन एक घंटा फिटनेस और खेलों को दें। यही आदत भविष्य में स्वस्थ समाज और मजबूत भारत की नींव बनेगी।
न*शामुक्त भारत की ओर कदम:
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि न*शा युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को नष्ट करता है, जबकि खेल और अनुशासन जीवन को नई दिशा देते हैं। इस युवा रन का संदेश है कि हम सभी मिलकर नशे से दूर रहेंगे और समाज को भी नशामुक्त बनाएंगे। उन्होंने कहा कि जब हजारों युवा एक साथ दौड़ते हैं तो यह केवल खेल आयोजन नहीं होता, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प की बुलंद आवाज बन जाता है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
