नई दिल्ली: कांग्रेस ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी-20 शिखर सम्मेलन में इसलिए जा रहे हैं क्योंकि अमेरिका इसका बहिष्कार कर रहा है और वहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से उनका सामना नहीं होगा। वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि पीएम मोदी जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग ले रहे हैं। वे इस यात्रा को पूरी सहजता के साथ इसलिए कर पा रहे हैं क्योंकि अमेरिका इस शिखर सम्मेलन का बहिष्कार कर रहा है।
उन्होंने लिखा है कि याद कीजिए कि कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री मोदी कुआलालंपुर में होने वाले भारत-आसियान सम्मेलन में इसलिए नहीं गए थे क्योंकि वहां उनका आमना-सामना राष्ट्रपति ट्रंप से होना था। उन्होंने लिखा कि अगला जी-20 शिखर सम्मेलन एक साल बाद अमेरिका में होगा। तब तक शायद अमेरिका के साथ भारत की ट्रेड (या) डील हो जाएगी।
लेकिन जिस तरह राष्ट्रपति ट्रंप पिछले सात महीनों में 61 बार यह दावा कर चुके हैं कि उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को रोका था, कल्पना कीजिए कि आने वाले बारह महीनों में वे यह दावा कितनी बार और दोहराएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को जोहान्सबर्ग (दक्षिण अफ्रीका) की यात्रा पर रवाना हुए। मोदी यहां 21 नवंबर से लेकर 23 नवंबर तक आयोजित हो रहे 20वें जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
