उत्तराखंड: उत्तराखंड के कई हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राज्य के पाँच जिलों, चमोली, टिहरी, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और देहरादून के ऊँचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी जारी है। वहीं देहरादून और हरिद्वार जिलों के कुछ क्षेत्रों में सुबह से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने पहले ही 23 जनवरी को राज्य में बारिश और बर्फबारी को लेकर चेतावनी जारी की थी। विभाग के अनुसार, ऐसा मौसम 28 जनवरी तक बना रह सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने 23 जनवरी को देहरादून के पर्वतीय इलाकों के साथ-साथ उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश और बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के निदेशक डॉ. चंद्र सिंह तोमर ने बीबीसी न्यूज हिन्दी को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की गतिविधि रात से ही शुरू हो गई थी। उनके अनुसार, कुछ जगहों पर बारिश और बर्फबारी रिकॉर्ड की जा चुकी है और पूरे दिन इसके जारी रहने की संभावना है।
डॉ. तोमर ने बताया कि खासतौर पर 2300 मीटर या उससे अधिक ऊँचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना ज्यादा है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा अगले 24 घंटों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएँ चलने के भी आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार 25 और 26 जनवरी को भी प्रदेश में इसी तरह की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं एक और पश्चिमी विक्षोभ के असर से 27 और 28 जनवरी को फिर से हल्की बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है। हालांकि, इस दौरान बर्फबारी मुख्य रूप से ढाई हजार मीटर से अधिक ऊँचाई वाले इलाकों तक सीमित रहने की संभावना है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
