टोंक: राजस्थान (Rajasthan) के टोंक (Tonk) जिले में स्थित के.एन. मोदी यूनिवर्सिटी (KN Modi University) में रि*श्वतखोरी का बड़ा मामला सामने आया है। अटेंडेंस (Attendence) पूरी करने और परीक्षा में बैठने की अनुमति देने के बदले 20 हजार रुपए की रि*श्वत लेते हुए एसीबी (ACB) ने बीएड विभाग की एचओडी और एक प्रोफेसर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

एसीबी (ACB Trap) टोंक के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीणा ने बताया कि यूनिवर्सिटी की बीएड विभागाध्यक्ष मीनू मंगल और प्रोफेसर रमेश मीणा के खिलाफ कार्रवाई की गई है। दोनों पर छात्रों से अटेंडेंस सेटल करने और परीक्षा में बैठाने के नाम पर रि*श्वत मांगने का आरोप है। जानकारी के मुताबिक, 12 मई को बीएड सेकेंड ईयर के एक छात्र ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। छात्र का आरोप था कि उसकी अटेंडेंस कम होने की वजह से उसे परीक्षा में बैठने से रोका जा रहा था और मामला सेट करने के लिए 20 हजार रुपए मांगे जा रहे थे।
इसी तरह की शिकायत एक छात्रा ने भी की थी, जिसके दो पेपर छूट चुके थे। एसीबी टीम ने 18 मई को शिकायत का सत्यापन किया। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद शुक्रवार को ट्रैप कार्रवाई की गई। जैसे ही रि*श्वत की रकम का लेन-देन हुआ, एसीबी ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। एसीबी के अनुसार, मामले में और भी छात्रों के सामने आने की संभावना है। जांच के लिए यूनिवर्सिटी का अटेंडेंस रजिस्टर जब्त कर लिया गया है और पूरे मामले की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया