कोटा: कोटा (Kota) ग्रामीण के बपावर (Bapawar) थाना क्षेत्र में रविवार शाम हाट बाजार (Market) में नकली नोट खपाने आए मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के गुना (Guna) निवासी आनंद कुशवाह (40) को लोगों ने पकड़कर पुलिस (Kota Police) के हवाले कर दिया। आरोपी के पास से 100 और 200 रुपये के कुल 58 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं।

बपावर थानाधिकारी सुरेश मीणा ने बताया कि आरोपी हाट बाजार में अलग-अलग दुकानों से 200 रुपये का नकली नोट देकर 50 रुपये तक का सामान खरीदता और बाकी खुले पैसे लेकर निकल जाता था। इसी दौरान एक किराना दुकानदार को नोट पर शक हुआ। जांच करने पर नोट नकली निकला तो उसने आरोपी का पीछा किया और लोगों की मदद से उसे पकड़ लिया।
मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी को थाने ले गई। तलाशी के दौरान उसकी जेब और बैग से 100 और 200 रुपये के नकली नोटों की गड्डियां बरामद हुईं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि नकली नोट कहां से लाए गए और इनके नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया