जयपुर: उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शुक्रवार को जयपुर के रामनगरिया स्थित नन्दघर और मालवीय नगर की बाल्मिकी बस्ती में स्थित आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान महिला एवं बाल विकास शासन सचिव महेन्द्र सोनी, निदेशक समेकित बाल विकास सेवाएं ओ पी बुनकर उपस्थित रहे। उपमुख्यमंत्री ने रामनगरिया स्थित नन्दघर आंगनबाड़ी केन्द्र के निरीक्षण के दौरान आधुनिक सुविधाएं, स्मार्ट टीवी, सुसज्ज्ति कक्ष, आधुनिक फर्निचर, पानी की मशीन, बिजली पानी के कनेक्शन सहित सुचारू व्यवस्था, शौचालय की सुविधा, खेल मैदान, पोषण् वाटिका, बच्चों की प्री स्कूल जैसी ईसीसीई गतिविधियां, बच्चों के ग्रोथ मोनिटरिंग उपकरण, पोषण वाटिका आदि को देखकर संतोष जताया।
वहीं उन्होंने मालवीय नगर की बाल्मिकी बस्ती में स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र का भी औचक निरीक्षण किया तथा यहां नन्दघर आंगनबाड़ी केन्द्र की जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने बाल्मिकी बस्ती में स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र सहित राज्य के अन्य आंगनबाड़ी केन्द्रों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर विकसित करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने महिलाओं और बच्चों के फीडबैक के आधार पर पोषाहार और टीएचआर के स्वाद में सुधार करने हेतु निर्देश दिए।
इस दौरान दिया कुमारी ने आंगनबाड़ी में बच्चों से बातचीत की और दुलार किया। उपमुख्यमंत्री को बच्चों ने कविताएं और गिनती सुनाई, जिस पर उन्होंने बच्चों को शाबासी देकर उनका उत्साहवर्धन किया। उपमुख्यमंत्री ने बच्चों से आंगनबाड़ी पर लगी हाथ धोने वाली पानी की मशीन का उपयोग करने की जानकारी ली। पोषाहार ग्रहण करने से पहले उन्होंने स्वयं बच्चों के हाथ धुलवाये। साथ ही बच्चों को हाथ धोने का महत्व बताते हुए पानी बचाने की सीख भी दी। दिया कुमारी ने आंगनबाड़ी केन्द्र पर उपस्थित गर्भवती और धात्री महिलाओं से बातचीत की और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित आंगनबाड़ी केन्द्र पर मिलने वाली सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया।
उपमुख्यमंत्री को महिलाओं ने सकारात्मक फीडबैक देते उनके साथ फोटो खिचवायें और सेल्फी भी ली। दिया कुमारी ने एक धात्री महिला के बच्चे राधे को प्यार दुलार किया तथा उसे गोद में लिया। इस दौरान बच्चा भी प्रसन्न मुद्रा में उपमुख्यमंत्री की गोद में बार-बार मुस्कुरूता नजर आया।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
