जयपुर: मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की मंशानुरूप राज्य सरकार द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रदेशभर में 4 से 18 नवम्बर तक 15 दिवसीय सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान राज्य में सड़क अधोसंरचना को सुदृढ़ करने, वाहन चालकों को जागरूक करने तथा यातायात नियमों के पालन को सख्ती से लागू करने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा निरंतर प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं।
पुलिस विभाग ने खतरनाक तरीके से वाहन चलाने पर 2129 लोगों पर की कार्रवाई:
यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर राज्य में लगातार सख्त कार्रवाई हो रही है। सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत पुलिस विभाग ने 4 से 10 नवंबर तक श*राब पीकर वाहन चलाने पर 4979, तेज गति से वाहन चलाने पर 31 हजार 613, गलत दिशा में वाहन चलाने पर 22 हजार 773 , खतरनाक तरीके से वाहन चलाने पर 2129, बिना रिफ्लेक्टर वाहन चलाने पर 6549 तथा बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने पर 12453 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है। इस दौरान 2 लाख 88 हजार 906 नागरिकों को यातायात नियमों एवं सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया गया है।
परिवहन विभाग ने किए 12400 से अधिक वाहनों के चालान, 308 लोगों के डीएल निरस्त:
सड़क सुरक्षा अभियान के तहत परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग ने राज्य में नियमों का उल्लंघन करने पर अब तक (10 नवंबर तक) कुल 12453 वाहनों के चालान किए हैं। इसमें मालवाहक वाहनों पर ओवरलोडिंग के 805, इन वाहनों में यात्री पाए जाने पर 293 तथा अन्य नियमों का उल्लंघन करने पर 8245 मालवाहक वाहनों के चालान किए गए।
यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक यात्री पाए जाने पर 145, छत पर सामान रख संचालन करने पर 26 बसों तथा अन्य नियमों का उल्लंघन करने पर 1533 यात्री वाहनों का चालान किया गया है। परिवहन विभाग ने 308 व्यक्तियों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त तथा 65 वाहनों के रजिस्ट्रेशन रद्द किए हैं। इस दौरान 608 वाहनों को सीज किया गया है तथा 33 वाहनों के परमिट भी कैंसिल किए गए हैं। विभाग द्वारा अन्य प्रकरणों में भी चालान किए गए हैं।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
