सवाई माधोपुर: जिला जल एवं स्वच्छता समिति जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई समिति के सदस्यों की जल जीवन मिशन के अन्तर्गत स्वीकृत जलयोजनाओं एवं उनकी क्रियान्विति के संबंध में जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई। बैठक में जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक घर तक नल के माध्यम से पानी पहुुंचाने की योजना में अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में योजना के तहत घर-घर जल संबंध के लिए स्वीकृत एवं प्रस्तावित योजनाओं की प्रगति एवं क्रियांविति की योजनावार समीक्षा कर निर्देश दिए। बैठक में जिला कलक्टर ने कहा कि जिन ठेकेदारों ने कार्य शुरू नहीं किया है। शुरू करके कार्य बंद कर दिया है और जिनका कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। उनको चिन्हित कर ब्लैक लिस्ट करने की कार्यवाही करने के निर्देश अधीक्षण अभियंता पीएचईडी बीएस मीना को दिए। साथ ही जिला कलक्टर ने पेंडिंग एफएचटीसी के आवेदनों को 10 फरवरी तक ऑनलाइन करने के निर्देश दिए।
एफएचटीसी वाले ग्रामों में हर घर जल प्रमाण पत्रों की प्रगति को सुधारने के निर्देश प्रदान किए। बैठक में जिला कलक्टर ने समय पर कार्य पूर्ण नहीं करने वाले ठेकेदारों विरूद्ध कार्यवाही नहीं करने पर एक्सईएन पीएचईडी संतोष कुमार को 17 सीसीए के तहत चार्जशीट देने के निर्देश दिए। साथ ही बैठक में बिना सूचना के अनुपस्थित रहने पर अधिशाषी अभियंता युधिष्ठर मीना के विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश अधीक्षण अभियंता पीएचईडी बीएस मीना को दिए। उन्होंने विभागों के आपसी डाटा बेमेल होने की गलत रिपोर्ट देने वाले संबंधित एक्सईएन और एईएन के विरूद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए है।
कलक्टर ने विद्यालयों, आंगनबाड़ी, ग्राम पंचायत भवनों, स्वास्थ्य केन्द्रों पर पेयजल कनेक्शन की वास्तविक स्थिति पेयजल स्रोतो पर बकाया विद्युत कनेक्शनों रोड़ कटिंग के मरम्मत कार्यो की समीक्षा भी की।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
