कोटा: राजस्थान के कोटा में 21 एवं 22 फरवरी 2026 को दो दिवसीय ‘कोटा महोत्सव’ (Kota Mahotsav) का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की उपस्थिति में होगा। महोत्सव का शुभारंभ कोटा के प्रमुख धार्मिक स्थल गोदावरी धाम में श्री गणेश वंदना के साथ किया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से जारी अपील में बताया गया है कि नवाचार एवं उत्सवधर्मिता की भावना के साथ कोटा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पटल पर स्थापित करने के उद्देश्य से यह महोत्सव आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंतर्गत चंबल माता की महाआरती, शहर के ऐतिहासिक स्थलों पर हेरिटेज वॉक तथा कचौरी फेस्ट जैसे आयोजन आकर्षण का केंद्र रहेंगे। स्वस्थ कोटा की परिकल्पना को साकार करने के लिए कुश्ती का दंगल, ‘आयुष कोटा’ के माध्यम से आयुर्वेद एवं योग से जुड़ी गतिविधियां तथा ‘निरोगी कोटा’ मंच से विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी टॉक-शो आयोजित किए जाएंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में ‘स्थानीय टैलेंट हंट’ के जरिए उभरती प्रतिभाओं को मंच दिया जाएगा। ‘सुरजन द स्पार्क’ जैसे संगीत कार्यक्रमों के साथ सुप्रसिद्ध गायक अर्जुन कानूंगो और लोकगायिका सीमा मिश्रा की प्रस्तुति भी दर्शकों को आकर्षित करेगी। पंडित राशेश शर्मा द्वारा ‘वास्तु वाणी’ के माध्यम से सकारात्मक ऊर्जा और जीवन मार्गदर्शन का विशेष सत्र भी आयोजित होगा।
महिला सशक्तिकरण और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘दीदी की हाट’ एवं ‘स्वदेशी कोटा’ का आयोजन किया जाएगा, जहां स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री होगी। युवाओं के लिए करियर फेयर, स्टार्टअप मार्गदर्शन तथा परामर्श सत्र भी रखे जाएंगे। इसके अतिरिक्त मास्टर शेफ प्रतियोगिता, फोटो एवं पेंटिंग प्रदर्शनी, फ्लावर शो, बैंड वादन, पेट शो, ‘कोटा ऑन स्क्रीन’ और डोरिया फैशन शो जैसे बहुरंगी कार्यक्रम महोत्सव को विशेष बनाएंगे। जिला प्रशासन ने शहरवासियों से अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर कोटा महोत्सव को सफल और यादगार बनाने की अपील की है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया

