जयपुर: जयपुर के जवाहर नगर इलाके में टीला नंबर-1 के पास एक डेयरी पर मिलावटी पनीर की बड़ी खेप पकड़ी गई। जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 250 किलोग्राम पनीर जब्त किया, जो अलवर के मेवात क्षेत्र से तैयार होकर लाया गया था। पुलिस के अनुसार 2 मार्च की रात करीब 11 बजे गश्त के दौरान पीसीआर टीम को राधे बेकर्स के बाहर बाहरी नंबर की पिकअप खड़ी दिखी। पूछताछ के दौरान एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया।
शक होने पर वाहन की तलाशी ली गई तो कंटेनरों में रखा पनीर बदबूदार मिला। पुलिस ने जिला कलेक्ट्रेट कंट्रोल रूम को सूचना देकर सीएमएचओ कार्यालय की फूड सेफ्टी टीम को बुलाया। टीम ने मौके पर सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे और पहली नजर में मिलावटी पाए जाने पर पूरी खेप को ईदगाह के पास नाले में नष्ट करवा दिया। मामले में आगे की जांच जारी है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
