नई दिल्ली: देशभर में शनिवार सुबह कई लोगों के स्मार्टफोन (Mobile) पर अचानक तेज आवाज के साथ इमरजेंसी अलर्ट (Emergency Alert) मैसेज आया, जिससे कई लोग घबरा गए। हालांकि भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक टेस्ट मैसेज था और लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। दूरसंचार विभाग के मुताबिक, सरकार नई इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम (New Emergency Alert System) की टेस्टिंग कर रही है।

इसका मकसद भविष्य में भूकंप, सुनामी, गैस लीक या अन्य आपदाओं के दौरान लोगों तक रियल टाइम में तुरंत चेतावनी पहुंचाना है। दूरसंचार विभाग ने सोशल मीडिया (SocialMedia) प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि अगर मोबाइल पर ऐसा अलर्ट मैसेज मिले तो घबराएं नहीं। यह सिस्टम की टेस्टिंग का हिस्सा है और परीक्षण के दौरान यह मैसेज एक से अधिक बार भी आ सकता है। मोबाइल पर भेजे गए सरकारी अलर्ट मैसेज में कहा गया कि भारत ने स्वदेशी तकनीक पर आधारित ‘सेल ब्रॉडकास्ट सेवा’ शुरू की है। इसके जरिए आपदा के समय नागरिकों को तुरंत सूचना दी जा सकेगी।
साथ ही यह भी साफ किया गया कि यह केवल टेस्ट मैसेज है और इसे प्राप्त करने पर किसी तरह की कार्रवाई करने की जरूरत नहीं है। इससे पहले शुक्रवार को नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (NDMA) की ओर से भी एसएमएस भेजकर जानकारी दी गई थी कि 2 मई को ‘सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट’ का परीक्षण किया जाएगा। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) ने भी एक्स पर पोस्ट कर बताया कि भविष्य में इसी सिस्टम के जरिए लोगों की लोकेशन और स्थानीय भाषा के अनुसार तुरंत अलर्ट भेजे जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल आपदा के समय तेजी से सूचना पहुंचाने और नागरिकों की सुरक्षा मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया