सवाई माधोपुर: Sawai Madhopur जिले के लालसोट-कोटा मेगा हाईवे (Lalsot-Kota Mega Highway) पर भाड़ौती टोल प्लाजा के पास बुधवार शाम तेज आंधी और बारिश (Heavy Rain) के दौरान श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली (Tractor-Trolley) पर पेड़ गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में महिलाओं सहित करीब 7 श्रद्धालु घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 25 से 30 श्रद्धालु सवार थे। सभी कांच की झोंपड़ी से काले खेजड़ा वाले स्थान पर गुरु पूर्णिमा (Guru Purnima) के अवसर पर प्रसादी लेने जा रहे थे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और भाड़ौती टोल प्लाजा स्थित विनायक होटल के पास सड़क किनारे खड़ा एक बड़ा पेड़ ट्रैक्टर-ट्रॉली पर आ गिरा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज आंधी के बीच पेड़ गिरने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके चलते ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और श्रद्धालुओं की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे। ग्रामीणों ने ट्रॉली में फंसे घायलों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस की सहायता से निजी अस्पताल पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शी राजकुमार प्रजापत और रोहित कुमार ने बताया कि तेज आंधी और बारिश (Barish) के बीच अचानक पेड़ गिरने से चालक वाहन को संभाल नहीं सका, जिससे हादसा हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।
खिरनी पुलिस चौकी प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस (Sawai Madhopur Police) टीम मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन तब तक सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा जा चुका था। फिलहाल पुलिस घायलों की पहचान और घटना से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया