दौसा: राजस्थान (Rajasthan) के दौसा (Dausa) रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बरेली-न्यू भुज एक्सप्रेस (Bareilly Bhuj Express) में चढ़ने के दौरान एक महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह चलती ट्रेन (Train) व प्लेटफॉर्म के बीच जा गिरी। मौके पर मौजूद आरपीएफ (RPF) जवानों और यात्रियों की सूझबूझ से करीब पांच मिनट के रेस्क्यू के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

यह घटना सोमवार शाम करीब 4:40 बजे दौसा रेलवे स्टेशन (Dausa Railway Station) पर हुई। घटना का वीडियो मंगलवार को सामने आया, जो अब सोशल मीडिया (Social Media) पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पानी भरने उतरी थी महिला
आरपीएफ थाना प्रभारी उम्मेद सिंह के अनुसार, उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के रामपुर (Rampur) जिले के रहमतगंज निवासी 35 वर्षीय गायत्री देवी अपने परिवार और करीब 40 लोगों के समूह के साथ सत्संग में शामिल होने के लिए जयपुर (Jaipur) जा रही थीं। सभी लोग बरेली-न्यू भुज एक्सप्रेस (14321) के एस-4 कोच में सफर कर रहे थे।
दौसा स्टेशन पर ट्रेन के ठहराव के दौरान गायत्री देवी पानी भरने के लिए प्लेटफॉर्म पर उतर गईं। इसी बीच ट्रेन चल पड़ी। उन्होंने एक हाथ में पानी की बोतल और दूसरे हाथ से ट्रेन का हैंडल पकड़कर चढ़ने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से उनका पैर फिसल गया और वे ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच गिर गईं।
RPF जवानों ने दिखाई बहादुरी:
महिला के गिरते ही स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ उप निरीक्षक उदयवीर सिंह और प्रधान आरक्षक कमलेश कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे। दोनों जवानों ने महिला को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन वह प्लेटफॉर्म और ट्रैक के बीच फंस गई।
इसी दौरान यात्रियों ने भी मदद की और ट्रेन में मौजूद लोगों ने तुरंत चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवा दी। इसके बाद आरपीएफ जवानों ने सावधानीपूर्वक ट्रेन के नीचे की ओर से महिला को बाहर निकाल लिया।
महिला खतरे से बाहर
घायल गायत्री देवी को तुरंत एंबुलेंस से दौसा जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में उनके सिर, आंख और दाएं कंधे पर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर होने पर उन्हें आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल वह खतरे से बाहर हैं।
25 मिनट तक रुकी रही ट्रेन:
घटना के कारण बरेली-न्यू भुज एक्सप्रेस करीब 25 मिनट तक दौसा रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। समय रहते यात्रियों और आरपीएफ जवानों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया