कोटा: कोटा (Kota) पुलिस ने वाहन चोरी की बढ़ती वारदातों का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 10 बाइक, 3 ऑटो और 2 कार बरामद की हैं। पकड़ा गया आरोपी गोलू उर्फ रफ्तार (21) बारां जिले के कवाई थाना क्षेत्र का रहने वाला है और फिलहाल कोटा के मुकुंदरा विहार रोझड़ी इलाके में रह रहा था। सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम के अनुसार, आरोपी पहले सुनसान इलाकों में खड़े वाहनों की रैकी करता था और मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देता था।

इस काम में वह एक नाबालिग को भी साथ रखता था। चोरी के बाद वह वाहनों को जंगल या सुनसान जगहों पर छिपा देता था और कई मामलों में उनके पार्ट्स निकालकर बेच देता था। इसके लिए वह ऑटो का इस्तेमाल करता था। पुलिस जांच में सामने आया कि 18 अप्रैल को आरकेपुरम थाना क्षेत्र के स्वामी विवेकानंद नगर में एक मकान के बाहर खड़ी बाइक चोरी की गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध की पहचान की।
आरकेपुरम थाना प्रभारी सिद्धार्थ श्रीवास्तव ने बताया कि 24 अप्रैल को एलजा बिल्डिंग के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने कोटा, बूंदी, बारां और कोटा ग्रामीण इलाकों में कई वाहन चोरी की वारदातें कबूल की हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर 28 अप्रैल तक रिमांड पर लिया है। गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया