सवाई माधोपुर: अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद, राजस्थान (Rajasthan) के तत्वावधान में 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस (World Tribal Day) पर सवाई माधोपुर (Sawai Madhopur) में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय भव्य समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए परिषद के पदाधिकारी गांव-गांव पहुंचकर पीले चावल और पंपलेट वितरित कर लोगों को समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दे रहे हैं।

परिषद के प्रदेश अध्यक्ष कै. सी. घुमरिया के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह को लेकर जिला अध्यक्ष भवानी शंकर घुड़ासी ने बताया कि जिलेभर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में नुक्कड़ सभाएं आयोजित कर आदिवासी समाज को जनजातीय अधिकार, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक विकास और सांस्कृतिक पहचान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि विश्व आदिवासी दिवस पर आयोजित इस समारोह में प्रदेशभर से हजारों की संख्या में आदिवासी समाज के लोगों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक एकता, अधिकारों की रक्षा, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और समाज के सर्वांगीण विकास का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने समाज के सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर इसे ऐतिहासिक बनाने की अपील की।
कार्यक्रम की तैयारियों के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। प्रचार-प्रसार अभियान में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त तहसीलदार राधेश्याम मीणा, शंकरलाल पटेल (पीलोदा), रामनिवास पटेल (सूरवाल), संगठन के कोषाध्यक्ष आर.के. बड़गोट्या (सोदास), मदनलाल (रामड़ी), पृथ्वीराज मीणा (रामड़ी) सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जनसंपर्क अभियान में जुटे हुए हैं। परिषद के पदाधिकारियों का कहना है कि यह आयोजन समाज की एकजुटता, अधिकारों के प्रति जागरूकता और सांस्कृतिक अस्मिता को नई मजबूती प्रदान करेगा।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया