कोटा: कोटा (Kota) के गुमानपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता पर सवाल खड़े करने वाली चोरी की वारदात सामने आई है। थाने से महज 20 कदम दूर स्थित एक बेकरी और चाय की दुकान में चोर ने सेंध लगा दी और करीब 70 हजार रुपए का सामान चोरी कर ले गया। घटना 31 मार्च तड़के करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक दुकान के शटर के दोनों ताले तोड़कर अंदर घुसता दिखाई दे रहा है। फुटेज के अनुसार चोर करीब 45 मिनट तक दुकान के अंदर रहा और आराम से सामान समेटता रहा।
इस दौरान दुकान का शटर करीब एक फीट खुला रहा, लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी। दुकान संचालक अमित चौधरी ने बताया कि चोर महंगी सिगरेट, गुटखे के पैकेट, चिल्लर से भरे पांच बॉक्स समेत खाने-पीने का अन्य सामान ले गया। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 70 हजार रुपए बताई जा रही है। खास बात यह है कि दुकान थाने के ठीक पास है और यहां अक्सर पुलिसकर्मी चाय पीने आते हैं। इसके बावजूद चोरी की इतनी बड़ी वारदात हो जाना पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
दुकानदार का आरोप है कि घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दे दी गई थी और सीसीटीवी फुटेज भी दिखाया गया, लेकिन दो दिन तक न तो उन्हें एफआईआर की कॉपी दी गई और न ही दस्तखत के लिए बुलाया गया। वहीं, गुमानपुरा सीआई महेश कारवाल ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश के लिए टीम बनाई गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
