Tuesday , 20 October 2026
Breaking News

सांसद जौनापुरिया ने ली जिला विकास, समन्वय एवं निगरानी (दिशा) समिति की बैठक 

सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया ने विभागवार योजनाओं की प्रगति समीक्षा कर पात्रों को पूरा लाभ दिलाने के दिए निर्देश

 

 

टोंक-सवाई माधोपुर सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया ने आज सोमवार को जिला विकास, समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की जिला परिषद सभागार में बैठक लेकर केन्द्र प्रवृर्तित विभिन्न सार्वजनिक विकास और व्यक्तिगत लाभ की योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को बेहतर समन्वय से कार्य कर मॉनिटरिंग और क्रियान्वयन में सुधार लाने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर सुरेश कुमार ओला और जिला प्रमुख सुदामा मीना की उपस्थिति में हुई बैठक में सांसद जौनापुरिया ने विभागवार योजनाओं की प्रगति समीक्षा करते हुए पात्र लोगों को योजनाओं का पूरा लाभ दिलाने के निर्देश दिए। बैठक में सांसद ने केन्द्र प्रवर्तित 42 योजनाओं के साथ ही जिले के लिए महत्वपूर्ण अन्य योजनाओं की प्रगति समीक्षा करते हुए अधिकारियों को बेहतर समन्वय, तत्परता एवं समर्पण के साथ कार्य करने के निर्देश दिये ताकि सभी पात्रों को सम्बंधित योजना का लाभ निर्धारित समय सीमा में मिले। सांसद ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की बेहतर क्रियान्विति के निर्देश दिये। इस योजना में गत खरीफ में बीमा कंपनी को 18.13 करोड़ रुपए प्रीमियम किसान, राज्य और केन्द्र सरकार ने मिलकर दिया जबकि क्लेम 12.972 करोड़ ही मिला।

 

 

 

गत रबी में तो 29.26 करोड़ रुपए प्रीमियम के रूप में लेने के बावजूद बीमा कंपनी के प्रतिनिधि क्लेम के कुल आवेदन और क्लेम राशि की जानकारी तक नहीं दे पाये। इस पर सांसद ने कड़ी नाराजगी जताई। बैठक के बाद कलेक्टर ने बीमा कंपनी प्रतिनिधि  और कृषि विभाग के अधिकारी की अपने चैम्बर में बैठक ली तथा क्लेम प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिये। उल्लेखनीय है कि जिले के कुछ हिस्सों में 2021-22 रबी सीजन में बुआई के कुछ समय बाद ही फसल नष्ट हो गई तथा दोबारा बुआई करनी पड़ी। सांसद ने निर्देश दिए कि कोरोना से मृत प्रत्येक व्यक्ति, उनके आश्रित को केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा दी गई सहायता, पुनर्वास, राज्य और केन्द्र सरकार, एमपी फंड, एमएलए फंड, जन सहयोग से खरीदे और लगाए गये प्रत्येक ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, एम्बुलेंस, ऑक्सीजन प्लांट व अन्य सुविधाओं की चिकित्सा संस्थानवार सूची तैयार करें। कोरोना का प्रकोप काफी कम हो गया है लेकिन इन उपकरणों, आधारभूत ढॉंचे की निरन्तर मेंटीनेंस देखभाल करते रहें। सांसद ने जिला कलेक्टर सुरेश कुमार ओला द्वारा मनरेगा, पीएम आवास समेत कई ग्रामीण विकास योजनाओं में जिले की रैंकिंग सुधारने, बदलेगा माधोपुर नवाचार की अपार सफलता के लिए उनकी प्रशंषा की तथा उम्मीद जताई कि जिस प्रकार डूंगरपुर कलेक्टर रहते हुए मनरेगा और स्वच्छ भारत में देशभर में डूंगरपुर का नाम रोशन किया, उसी तर्ज पर सवाई माधोपुर को भी आगे ले जाएंगे।

 

 

 

इस पर कलेक्टर ने बताया कि आगामी 15 दिवस के भीतर प्रत्येक ग्राम पंचायत में मनरेगा में कम से कम 300 लोगों को रोजगार देंगे। इससे अधिक भी काम मांगने वाले आएंगे तो कार्यों की संख्या बढ़ा देंगे। किसी ग्राम पंचायत में 300 श्रमिक नियोजित नहीं होंगे तो ग्राम विकास अधिकारी से रिपोर्ट लेंगे, सीईओ और बीडीओ को वहां भेजकर कारण पता करेंगे। पीएम आवास योजना में ढेड माह में ही 12 हजार से ज्यादा आवास की सेंक्शन पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए सांसद ने निर्देश दिये कि पहली किश्त का सदुपयोग करने वाले को तत्काल दूसरी किश्त जारी करें, उसे ग्राम विकास अधिकारी के चक्कर न काटने पड़े।

 

 

पीएम आवास योजना में सेंक्शन वाला परिवार यदि सिवायचक या चारागाह भूमि में निवास कर रहा है तो कन्वर्जन की कार्रवाई जल्द से जल्द करवायें। मनरेगा की समीक्षा के दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिषेक खन्ना को निर्देश दिये कि राज्य और केन्द्र सरकार की अधिकतम योजनाओं का मनरेगा में कन्वर्जेंस करें क्योंकि दूसरी योजनाओं में बजट की सीमा है लेकिन मनरेगा में बजट की सीमा नहीं है। उन्होंने मनरेगा में व्यक्तिगत लाभ एवं सामुदायिक कार्यों को अधिक से अधिक स्वीकृत करने की बात कही।

 

MP sukhbir singh Jaunapuria took the meeting of District Development, Coordination and Monitoring (Disha) Committee in sawai madhopur

 

सांसद ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) में वर्ष 2019-20 के लिए स्वीकृत 13 कार्यों में से 3 के अभी तक अपूर्ण रहने पर नाराजगी जताई तथा इसरदा-महापुरा समेत इन तीनों सड़कों का निर्माण पूर्ण गुणवत्ता से जल्द से जल्द पूर्ण करने, अन्य सभी योजनाओं में निर्मित सड़कों का सर्वे कर गारंटी अवधि में क्षतिग्रस्त हो गई सड़कों को चिन्हित कर सम्बंधित ठेकेदार से मरम्मत करवाने के निर्देश दिये। जिस क्षतिग्रस्त सड़क की गांरटी अवधि बीत चुकी है, उसकी मरम्मत केन्द्र या राज्य सरकार की योजनाओं में करवानेे के निर्देश दिये। सांसद ने गंगापुर सिटी में अमृत परियोजना में सीवरेज लाइन डालने के लिये खोदी गई सड़कों का निर्धारित समय सीमा में पुनर्निमाण के संबंध में समीक्षा कर निर्देश दिए।

 

 

सांसद ने चम्बल-नादौती पेयजल परियोजना में कार्य रूक जाने पर नाराजगी जताई तथा विस्तृत रिपोर्ट बनाने के निर्देश दिये ताकि उच्च स्तर पर समाधान तलाशा जा सके। उन्होंने ईसरदा परियोजना की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने हर घर नल कनेक्शन से पेयजल सप्लाई के लिए संचालित जल जीवन मिशन की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिये। सांसद जौनापुरिया ने दीनदयाल अन्त्योदय योजना की समीक्षा करते हुए खराब ट्रांसफार्मर समय पर बदलने, झूलते और क्षतिग्रस्त तारों की मरम्मत करने या बदलने के निर्देश दिये। राजीविका के डीपीएम को जिले में संचालित स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को अमरूद, आंवला, मिर्ची की उन्नत खेती से जोड़ने, खाद्य प्रसंस्करण संयंत्र लगाने के लिए प्रोत्साहित करने, एनएफएसए में प्रत्येक पात्र का नाम जोड़ने, सर्व शिक्षा अभियान में अतिरिक्त कक्षा कक्षों के निर्माण के प्रस्ताव भिजवाने के निर्देश भी दिये।
सवाई माधोपुर शहर में स्टेडियम में सांसद द्वारा करवाये पौधों की बेहतर देखभाल के निर्देश दिये।

 

 

नगरीय क्षेत्रों में सार्वजनिक शौचालय, अफोर्डेबल हाउसिंग योजना, रोड़ लाइटों की समुचित व्यवस्था, यूआईटी से जुड़ी योजना, शहरी क्षेत्र में नियमित सफाई, वन विभाग की एनओसी से संबंधित विषयों पर चर्चा कर निर्देश दिए। जेवीवीएनएल के अधीक्षण अभियंता को किसानों को डीपी समय पर उपलब्ध करवाने, प्राथमिकता सूची चस्पा करने के निर्देश दिये। सांसद ने बताया कि मृदा स्वास्थ्य कार्ड बांटना लक्ष्य नहीं है। लक्ष्य है कि इसके डेटा के हिसाब से फसल, खाद, कीटनाशक परिवर्तन के लिए किसानों को जागरूक करें ताकि किसानों की आमदनी बढ़ती जाये। सांसद ने जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना, आंगनबाड़ी केन्द्र पर खिलाए जाने वाले पोषाहार, ई-नाम, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, त्वरित सिंचाई लाभ कार्यक्रम के संबंध में भी प्रगति समीक्षा कर निर्देश दिए।

 

 

जिला कलेक्टर सुरेश कुमार ओला ने प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तीनों चरणों में चयनित सभी गांवों में स्वीकृत और चालू कार्यों की जानकारी दी तथा इस योजना को अन्य योजनाओं के साथ कन्वर्ज कर चयनित गांव का सर्वांगीण विकास करने के निर्देश दिये। बैठक में जिला प्रमुख सुदामा मीना, खंडार पंचायत समिति प्रधान नरेन्द्र सिंह चौधरी, चौथ का बरवाड़ा प्रधान सम्पत पहाडिया, बौंली प्रधान कृष्ण पोषवाल, बामनवास प्रधान शशिकला मीना गंगापुर प्रधान मंजू गुर्जर, जिला परिषद सीईओ अभिषेक खन्ना, यूआईटी सचिव महेन्द्र मीना, नगर परिषद आयुक्त नवीन भारद्वाज एवं सीएमएचओ डॉ. तेजराम मीना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे। इसके पश्चात सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया ने सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन पर प्याऊ का उद्घाटन किया। इस दौरान सांसद ने स्वयं ट्रेन में बैठे लोगों को पानी पिलाया। इस अवसर पर खण्डार प्रधान नरेन्द्र चौधरी, पूर्व चैयरमेन कमलेश जैलिया और महेश गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

About Vikalp Times Desk

Check Also

Sawai Madhopur Panchayat Elections Bamanwas-Bonli in the third phase, Sawai Madhopur-Gangapur in the fourth phase

सवाई माधोपुर पंचायत चुनाव: बामनवास-बौंली तीसरे चरण में, सवाई माधोपुर-गंगापुर चौथे चरण में

सवाई माधोपुर: राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान (State Election Commission of Rajasthan) द्वारा पंचायतीराज संस्थाओं (Panchayati …

The full schedule for the Rajasthan Panchayat elections has been released check when voting will take place in your area Vikalp Times

इंतजार खत्म! राजस्थान पंचायत चुनाव का पूरा शेड्यूल जारी, देखें आपके यहाँ कब होगी वोटिंग

जयपुर: राजस्थान (Rajasthan) में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव (Panchayati Raj Election – 2026) को …

Transfer of 10 RAS and 15 APO officers Major administrative reshuffle in Rajasthan before panchayat election vikalp times

10 RAS APO, 15 का ट्रांसफर: आचार संहिता से पहले राजस्थान में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल

जयपुर: पंचायतीराज चुनावों (Panchayati Raj Election) की आचार संहिता (Aachar Sanhita) लागू होने से ठीक पहले …

Elderly woman Sawai Madhopur Silver anklet Police Vikalp Times

सवाई माधोपुर में बुजुर्ग महिला से लू_ट, पैर से चांदी का कड़ा काटकर भागे बदमाश

सवाई माधोपुर: Sawai Madhopur जिले के कुंडेरा (kundera) थाना क्षेत्र के शेरपुर (Sherpur) गांव के …

Major news regarding petrol and diesel New export duty rates come into effect today 1 oct 26 Vikalp Times

पेट्रोल-डीजल से जुड़ी बड़ी खबर: आज से लागू हुई एक्सपोर्ट ड्यूटी की नई दरें

नई दिल्ली: केंद्र सरकार (Government of India) ने पेट्रोलियम उत्पादों (Petroleum Products) के निर्यात पर …

error: Content is protected !! Contact Vikalp Times Team !