सवाई माधोपुर: रणथंभौर टाइगर रिजर्व (Ranthambore Tiger Reserve) से सटे दूमोदा गांव में गुरुवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। घर के बाहर खेल रहे 3 साल के बच्चे दिलखुश को एक लेपर्ड (Leopard) कथित तौर पर उठाकर जंगल (Jungle) की ओर ले गया। परिजन और ग्रामीणों ने बच्चे को बचाने की कोशिश की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।

जानकारी के अनुसार, बच्चा घर में खेल रहा था। इसी दौरान लेपर्ड उसे उठाकर ले गया। बच्चे की मां ने लेपर्ड का पीछा कर बेटे को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सकी और सदमे में बेहोश हो गई।
घटना की सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग (Forest Department) की फलौदी रेंज चौकी को दी। ग्रामीणों का आरोप है कि वनकर्मियों ने मौके पर पहुंचने का आश्वासन दिया, लेकिन करीब ढाई घंटे तक टीम मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद ग्रामीणों ने अलग-अलग समूह बनाकर जंगल में बच्चे की तलाश शुरू की।
तलाशी के दौरान पहाड़ी पर बच्चा गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। ग्रामीण उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृ_त घोषित कर दिया। दिलखुश चार बहनों का इकलौता भाई था।
बच्चे की मौ_त के बाद भड़का आक्रोश
बच्चे की मौ_त की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे, जहां हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना पर मानटाउन और कोतवाली थाना पुलिस (Sawai Madhopur Police) मौके पर पहुंची और लोगों से समझाइश कर स्थिति संभाली।
इसके बाद आक्रोशित ग्रामीण फलौदी रेंज वन चौकी पहुंचे और प्रदर्शन किया। इसी दौरान चौकी के बाहर खड़ी वनकर्मी की बाइक में आग लगा दी गई। हंगामे की सूचना पर रवांजना डूंगर थाना पुलिस (Police) भी मौके पर पहुंची।
DFO ने बताई अलग वजह:
रणथंभौर टाइगर रिजर्व (Ranthambore National Park) के DFO मानस सिंह ने घटना को लेकर कहा कि वन विभाग की टीम गांव के बाहर मौजूद थी और पुलिस के पहुंचने के बाद टीम मौके पर गई।
DFO के अनुसार, भीड़ वनकर्मियों को नुकसान पहुंचाना चाहती थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हाल ही में वन विभाग की ओर से खनन माफियाओं के ट्रैक्टर पकड़े गए थे। इसी वजह से कुछ लोग भीड़ में शामिल होकर रेंज परिसर में तोड़फोड़ करने और बाइक में आग लगाने में शामिल हुए।
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर मौजूद रही। ग्रामीणों में बच्चे की मौ_त को लेकर भारी आक्रोश है और वन विभाग की कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया