उत्तर प्रदेश: प्रयागराज (Prayagraj) से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यमुनानगर जोन के मांडा थाना क्षेत्र के बामपुर गांव स्थित गंगा घाट पर शुक्रवार सुबह सात बच्चों के साथ बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक, पांच परिवारों के ये सात बच्चे सुबह करीब 10:30 बजे गंगा में स्नान करने पहुंचे थे।
नहाने के दौरान अचानक सभी बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद मछुआरे मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू शुरू किया। मछुआरों ने मोहित (13), दिव्यांशु (16) और अमन (9) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन कुनाल (12), निहाल (10), दीपक (17) और ऋषभ (10) गंगा की तेज धारा में बह गए। काफी मशक्कत के बाद चारों बच्चों के श*व बरामद कर लिए गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा।
डीसीपी यमुनानगर जोन विवेक चंद्र यादव के अनुसार, सभी श*वों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मांडा थाना प्रभारी माधव प्रसाद त्रिपाठी और भारतगंज चौकी प्रभारी सुभाष सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। एक साथ चार बच्चों की मौ*त से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया
