नई दिल्ली: देशभर में बैंकिंग सेवाओं (Baking Services) पर असर पड़ने वाला है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (United Forum of Bank Unions – UFBU) ने विभिन्न मांगों को लेकर 28 से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिन की देशव्यापी बैंक (Bank) हड़ताल का ऐलान किया है। लगातार तीन दिनों तक हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज प्रभावित हो सकता है। इसे देखते हुए ग्राहकों की बैंकिंग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए रविवार, 27 सितंबर को सरकारी और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (Gramin Bank) सामान्य रूप से खुले रहेंगे।

वित्त मंत्रालय (Ministry of Finance) ने बताया कि 26 और 27 सितंबर को सप्ताहांत के कारण बैंक बंद रहने वाले थे। इसके तुरंत बाद 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल प्रस्तावित है। ऐसे में ग्राहकों को लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाओं में परेशानी न हो, इसके लिए 27 सितंबर को बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज कराने का निर्णय लिया गया है।
डिजिटल बैंकिंग सेवाएं रहेंगी उपलब्ध:
हड़ताल के दौरान बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ने की संभावना है, हालांकि मोबाइल बैंकिंग (Mobile Banking), इंटरनेट बैंकिंग (Internet Banking), एटीएम (ATM) और यूपीआई (UPI) जैसी डिजिटल सेवाएं (Digital Services) 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी। बैंकों की ओर से ग्राहकों को टेक्स्ट मैसेज के जरिए भी डिजिटल चैनलों का इस्तेमाल करने की जानकारी दी जा रही है।
पांच दिन कामकाज समेत कई मांगें:
बैंक यूनियनों की प्रमुख मांग है कि बैंक कर्मचारियों के लिए सप्ताह में पांच दिन कामकाज लागू किया जाए। इसके अलावा पेंशन में सुधार और बढ़ोतरी, सभी पेंशन पाने वालों के लिए महंगाई भत्ते की समान व्यवस्था और नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) के तहत आने वाले कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (OPS) में जाने का विकल्प देने की मांग भी शामिल है।
ऐसे में बैंक ग्राहकों के लिए 27 सितंबर को बैंक शाखाओं से जुड़े जरूरी काम निपटाना उपयोगी रहेगा, क्योंकि इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल के चलते शाखाओं का सामान्य कामकाज प्रभावित हो सकता है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया