नई दिल्ली: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (Artifical Intelligence) के बढ़ते इस्तेमाल के साथ कमाई के नए तरीके भी सामने आ रहे हैं। चीन (China) में अब युवा अपने चेहरे (Face) को AI कंटेंट के लिए किराये पर देकर पैसे कमा रहे हैं। कंपनियां इन चेहरों का इस्तेमाल शॉर्ट ड्रामा, विज्ञापन, गेम और दूसरे डिजिटल कंटेंट (Digital Content) में कर रही हैं।

14 लाख रुपए तक मिल रहे ऑफर:
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन में इस तरह का डिजिटल मार्केट (Digital Market) तेजी से बढ़ रहा है। कुछ मामलों में युवाओं को अपने चेहरे के इस्तेमाल के लिए 99,999 युआन यानी करीब 14 लाख रुपए तक के ऑफर मिले हैं। खास बात यह है कि व्यक्ति खुद तय कर सकता है कि उसके चेहरे का इस्तेमाल किस तरह के कंटेंट में और कितने समय तक किया जाएगा।
तीन दिन के इस्तेमाल के मिले 35 हजार रुपए:
रिपोर्ट के अनुसार, चीन में एक बैंक कर्मचारी को उसके चेहरे के इस्तेमाल के लिए 2,500 युआन यानी करीब 35 हजार रुपए दिए गए। प्लेटफॉर्म ने तीन दिनों के दौरान उसके चेहरे की डिजिटल तस्वीर का कई बार इस्तेमाल किया। वहीं, एक 34 वर्षीय व्यक्ति ने अपने चेहरे को केवल एक बार इस्तेमाल करने की अनुमति देकर करीब 99 युआन यानी 1,400 रुपए कमाए।
कमाई के साथ प्राइवेसी का जोखिम:
इस नए डिजिटल बाजार ने आम लोगों के लिए कमाई का रास्ता तो खोला है, लेकिन इसके साथ प्राइवेसी और चेहरे के गलत इस्तेमाल का जोखिम भी जुड़ा है। चीन के कुछ प्लेटफॉर्म युवाओं को डिजिटल एक्टर के तौर पर रजिस्टर करने और अपनी शर्तें तय करने की सुविधा दे रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ प्लेटफॉर्म पर चेहरे के इस्तेमाल की शुरुआती फीस करीब 50 युआन से शुरू होकर लाखों रुपए तक पहुंच सकती है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया