मीणा समाज की अमूल्य लोक धरोहर ‘पद दंगल’ पर बनी डॉक्यूमेंट्री का भव्य लोकार्पण
रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर लालारामपुरा में हुआ आयोजन, चार दिग्गज कलाकारों की जीवनयात्रा और योगदान को किया गया प्रदर्शित
करौली/सवाई माधोपुर: मीणा समाज (Meena Samaj) की सदियों पुरानी समृद्ध लोक परंपरा (Folk tradition) एवं सांस्कृतिक धरोहर ‘पद दंगल’ (Pad Dangal) के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत रक्षाबंधन (Raksha Bandhan) की पूर्व संध्या पर ग्राम लालारामपुरा (Lalarampura, Karauli) में पद दंगल पर आधारित विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म (Documentary Film) का लोकार्पण एवं प्रदर्शन किया गया।

यह डॉक्यूमेंट्री स्वदेशी जागरण मंच (Swadeshi Jagran Manch) की राष्ट्रीय महिला प्रमुख अर्चना मीना (Archana Meena) की पहल पर तैयार की गई है, जिसका उद्देश्य मीणा (Meena) समाज की इस गौरवशाली लोक कला को नई पीढ़ी तक पहुंचाना तथा इस कला को अपनी साधना और प्रतिभा से जीवंत रखने वाले कलाकारों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाना है।
डॉक्यूमेंट्री में पद दंगल के चार प्रमुख एवं वरिष्ठ कलाकारों धवले राम मीणा, जगन मीणा, रामकेश मीणा एवं जलसिंह मीणा की जीवनयात्रा, कला के प्रति उनकी साधना और योगदान को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान चारों कलाकारों ने अपनी लाइव पद दंगल प्रस्तुति भी दी। उनकी ओजपूर्ण एवं भावपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लालारामपुरा सहित आसपास के अनेक गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, प्रबुद्धजन एवं गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अर्चना मीना ने कहा कि ‘पद दंगल’ केवल एक लोक कला नहीं, बल्कि मीणा समाज की आत्मा, पहचान और गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत (Cultural Heritage) है। इस लोक परंपरा के माध्यम से हमारे कलाकारों ने पौराणिक कथाओं, धार्मिक एवं प्रेरणादायी प्रसंगों, लोक जीवन के अनुभवों और सामाजिक सरोकारों को सहज रूप से पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाया है। आधुनिकता के दौर में इस विरासत को संरक्षित करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।
अर्चना ने कहा कि डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से कलाकारों की वर्षों की तपस्या, योगदान और सृजनशीलता को समाज के सामने लाने का प्रयास किया गया है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी इस समृद्ध लोक परंपरा को जानें, समझें और उस पर गर्व करें।
अर्चना मीना ने इस अवसर पर लालारामपुरा एवं आसपास के सभी ग्रामवासियों, प्रबुद्धजनों और कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों के स्नेह, आशीर्वाद और सहयोग के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने डॉक्यूमेंट्री के निर्माण में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले प्रत्येक व्यक्ति का भी धन्यवाद किया।
उन्होंने कहा कि समाज के लोगों का यही स्नेह और सहयोग भविष्य में भी अपनी लोक कला एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रेरणा देता रहेगा।
अर्चना मीणा ने सभी को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें मिलकर अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजना होगा, क्योंकि ‘संस्कृति बचेगी तो समाज बचेगा।’
डॉक्यूमेंट्री के प्रदर्शन के दौरान इसके निर्देशक अर्पित एवं उनकी पूरी टीम विशेष रूप से उपस्थित रही। कार्यक्रम में श्रीलाल मीणा, नलकेश मीणा, विभिन्न समाचार पत्रों के प्रेस प्रतिनिधि तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों एवं अतिथियों ने डॉक्यूमेंट्री की सराहना करते हुए इसे मीणा समाज की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में सराहनीय एवं महत्वपूर्ण प्रयास बताया। साथ ही, फिल्म निर्माण से जुड़े सभी कलाकारों, निर्देशक एवं पूरी टीम को बधाई दी।
[Documentary Film, Pad Dangal, Meena Samaj, Meena Community, Karauli News, Dhawle Ram Meena, Archana Meena,Todabhim, Sawai Madhopur, Rajasthan News, Vikalp Times]
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया