उदयपुर: उदयपुर (Udaipur) के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। एक इनोवा क्रिस्टा कार और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर में स्कूटी सवार तीन युवकों की मौ*त हो गई, जबकि कार में सवार दो लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन ब्रिज की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 40 फीट नीचे जा गिरे। पुलिस के अनुसार स्कूटी सवार युवक कैटरिंग का काम करते थे और शादी समारोह से लौट रहे थे।

रात करीब 1:30 बजे प्रतापनगर से मादड़ी की ओर जाते समय एकलिंगपुरा चौराहे के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार इनोवा कार से उनकी भिड़ंत हो गई। हादसे में स्कूटी कार के नीचे फंस गई और दोनों वाहन नीचे गिर पड़े। मृ*तकों में अर्जुन सिंह (40) और सौरभ (30) की पहचान हो चुकी है, जबकि तीसरे युवक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
अर्जुन मूल रूप से देवास और सौरभ भोपाल के रहने वाले थे। दोनों उदयपुर में कैटरिंग का काम करते थे। वहीं कार सवार योगेश भाट और शिवम घायल हुए हैं, जिनका एमबी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में कार की रफ्तार तेज होने की बात सामने आई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया