सवाई माधोपुर: नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 (Nagar Nikay Chunav – 2026) के तहत सवाई माधोपुर (Sawai Madhopur) जिले के सभी छह नगरीय निकायों (Local Body Election) में मतदान (Voting) प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब मतगणना (Vote counting) की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान (State Election Commission, Rajasthan) के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार 14 सितंबर को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर काना राम (IAS Kanaram) ने बताया कि वार्ड सदस्य पदों के लिए मतों की गणना संबंधित नगरीय निकाय मुख्यालयों पर बनाए गए निर्धारित मतगणना केंद्रों में रिटर्निंग अधिकारियों की निगरानी में कराई जाएगी। जिला प्रशासन की ओर से मतगणना को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
एक समय में एक ही वार्ड की होगी मतगणना
मतगणना के दौरान एक वार्ड की पूरी गणना होने के बाद ही अगले वार्ड की गणना शुरू की जाएगी। जिस वार्ड की मतगणना चल रही होगी, केवल उसी वार्ड के अभ्यर्थियों और उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं को संबंधित मतगणना कक्ष में मौजूद रहने की अनुमति होगी।
प्रत्येक अभ्यर्थी संबंधित वार्ड के लिए एक गणना अभिकर्ता नियुक्त कर सकेगा। गणन सहायक और गणन पर्यवेक्षकों की नियुक्ति राजस्थान नगरपालिका (निर्वाचन) नियम, 1994 और राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार की गई है।
फोटोयुक्त बैज के बिना प्रवेश नहीं:
मतगणना केंद्र में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों और गणना अभिकर्ताओं को रिटर्निंग अधिकारी के हस्ताक्षर से जारी फोटोयुक्त बैज अनिवार्य होगा। बिना बैज किसी को भी मतगणना स्थल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
इसके अलावा मतगणना स्थल के अंदर मोबाइल फोन ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
वार्डवार तय की गईं मतगणना टेबल
सभी छह नगरीय निकायों में प्रत्येक वार्ड के लिए एक मतगणना टेबल निर्धारित की गई है। यदि किसी वार्ड में एक से अधिक मतदान केंद्र हैं तो उन सभी केंद्रों के मतों की गणना संबंधित वार्ड की उसी टेबल पर की जाएगी।
मतगणना केंद्र और टेबल की व्यवस्था इस प्रकार रहेगी:
- नगर परिषद सवाई माधोपुर (Sawai Madhopur): महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, साहूनगर, कमरा नंबर 14 – वार्ड 1 से 60 के लिए 14 टेबल।
- नगर पालिका खण्डार: राजकीय महाविद्यालय, खण्डार (Khandar), हॉल नंबर 1 – वार्ड 1 से 25 के लिए 5 टेबल।
- नगर पालिका बौंली: राजकीय महाविद्यालय, बौंली (Bonli), कमरा नंबर 2 – वार्ड 1 से 25 के लिए 5 टेबल।
- नगर परिषद गंगापुर सिटी (Gangapur City): राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में दो कक्षों में मतगणना होगी। वार्ड 1 से 30 के लिए न्यू हॉल नंबर 1 में 7 टेबल और वार्ड 31 से 60 के लिए कमरा नंबर 31 में 7 टेबल।
- नगर पालिका वजीरपुर: राजकीय कन्या महाविद्यालय, वजीरपुर Wazirpur), कमरा नंबर 3 – वार्ड 1 से 25 के लिए 5 टेबल।
- नगर पालिका बामनवास: राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बामनवास (Bamanwas), कमरा नंबर 2 – वार्ड 1 से 20 के लिए 5 टेबल।
गणना कक्ष से बाहर निकलने पर दोबारा प्रवेश नहीं:
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार गणना कार्य के दौरान गणना अभिकर्ता, संबंधित अभ्यर्थी अथवा उसका निर्वाचन अभिकर्ता बीच में गणना कक्ष से बाहर नहीं जा सकेगा। एक बार गणना कक्ष से बाहर निकलने के बाद दोबारा प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
मतगणना केंद्रों पर अभ्यर्थियों और गणना अभिकर्ताओं के बैठने की व्यवस्था के साथ ही पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
चुनाव परिणाम के बाद विजय जुलूस पर रोक:
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजय जुलूस, रैली अथवा इस तरह के किसी आयोजन की अनुमति नहीं होगी।
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों और उनके समर्थकों से मतगणना के दौरान निर्वाचन नियमों एवं राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन ने शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से मतगणना प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए हैं।
Vikalp Times – Janta Ka Media विकल्प टाइम्स – जनता का मीडिया